अशोकनगर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टकनेरी गांव में पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो लोगों ने मिलकर एक 28 वर्षीय मजदूर युवक के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने श्रमिक को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा और उसे घसीटते हुए कुछ दूरी तक ले गए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस

इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया। रविवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया है।

मजदूरी कम मिलने और एडवांस का है पूरा विवाद

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि टकनेरी गांव निवासी 28 साल के सोनू आदिवासी के साथ प्रदीप सरदार और रज्जू सरदार ने मारपीट की थी। पीड़ित सोनू पिछले पांच-छह सालों से दोनों आरोपियों के यहां मजदूरी कर रहा था। सोनू का आरोप है कि इतने लंबे समय तक काम करने के बावजूद उसे तय मजदूरी से काफी कम पैसे दिए जा रहे थे, जिससे तंग आकर वह काम छोड़कर अपने घर लौट आया था।

दूसरी ओर, आरोपियों पक्ष का कहना है कि सोनू ने उनसे तीस हजार रुपए से ज्यादा का एडवांस ले रखा था और वह बिना भुगतान किए काम अधूरा छोड़कर भाग गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

थाना प्रभारी ने दी मामले की पूरी जानकारी

कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने इस मामले में बताया कि शुरुआतीौ दौर में डर के कारण पीड़ित युवक थाने में शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंचा था। हालांकि, जब पुलिस ने सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो देखा, तब उन्होंने खुद फरियादी से फोन पर संपर्क किया और उसे थाने बुलवाया। पीड़ित की विधिवत शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।