अशोकनगर जिले के बीना-मुंगावली मार्ग पर नरखेड़ा वेयर हाउस के पास सोमवार की सुबह एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की बाइक सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ी थी, जबकि उसका शव कुछ दूरी पर मिला।

बीना रिफाइनरी में डंपर चलाता था मृतक

मृतक की शिनाख्त नरखेड़ा निवासी 26 वर्षीय नीरज लोधी पुत्र घनश्याम लोधी के रूप में हुई है। वह बीना रिफाइनरी में डंपर चालक का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से गांव के ही कुछ लोगों के साथ उसका विवाद चल रहा था।

इसी पुरानी रंजिश के चलते पीड़ित परिवार के लोग रविवार देर शाम पुलिस चौकी भी पहुंचे थे और शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों को अंदेशा है कि रविवार शाम करीब 7 बजे जब नीरज अपने घर की तरफ लौट रहा था, तब रास्ते में हमलावरों ने उसे घेरकर उसकी जान ले ली।

सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के गंभीर आरोप

परिजनों का दावा है कि घटनास्थल के पास स्थित एक वेयर हाउस के सीसीटीवी कैमरे में यह वारदात कैद हुई है। फुटेज में नीरज अचानक अपनी बाइक रोकता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसने किसी परिचित या विरोधी को देखकर गाड़ी रोकी होगी।

परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस इस मामले को सिर्फ सड़क हादसा मानकर केवल मर्ग कायम कर रही है, जबकि मौके के हालात साफ तौर पर हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।

मुंगावली में सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

घटना के बाद से ही नामजद संदिग्ध गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा हत्या की धाराओं में मामला दर्ज न किए जाने से नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद मुंगावली में सड़क पर शव रखकर जोरदार चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे परिजन और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या की एफआईआर दर्ज करने और तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।