पढ़ाई के साथ शुरू होगी युवाओं की कमाई

अशोकनगर जिले के विद्यार्थियों का अब 'पढ़ाई के साथ कमाई' और 'डिग्री के साथ रोजगार' हासिल करने का सपना पूरा होने की राह आसान हो गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत जिले में अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम को प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है।

प्रैक्टिकल ट्रेनिंग पर रहेगा मुख्य जोर

इस नई व्यवस्था के तहत उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं को किताबी ज्ञान के अलावा सीधे तौर पर इंडस्ट्री और कार्यक्षेत्र का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों को अकादमिक शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार बाजार की जरूरतों के मुताबिक तैयार करना है।

प्रशासनिक स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस पाठ्यक्रम से जुड़ने वाले विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक संस्थानों में काम सीखने का मौका मिलेगा, जिससे उनके कौशल में उल्लेखनीय सुधार होगा।