अशोकनगर जिले के सहराई थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले बमौरीटांका गांव में स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घरों के बाड़ों से अवैध रूप से उगाए गए गांजे के हरे पौधे बरामद किए हैं।
छापेमारी के दौरान जंगल की तरफ भागे आरोपी
जब पुलिस बल तयशुदा ठिकाने पर पहुंचा, तो वहां मौजूद लोग पुलिस को देखते ही घबरा गए और मौका पाकर पास के जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए दोनों संदिग्धों के ठשिकानों की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि बाड़ों में बड़े पैमाने पर गांजे की फसल उगाई जा रही थी। मौके से कुल 39 हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 11 किलो 250 ग्राम आंका गया है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक इन पौधों की कुल कीमत करीब 12 हजार रुपए है।
मुकेश और लोकपाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी मुकेश (पुत्र वीर सिंह यादव) और लोकपाल (पुत्र भवानी सिंह यादव) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत पृथक-पृथक मामले पंजीबद्ध कर लिए हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के दिशा-निर्देशों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश तथा मुंगावली एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरी की गई। इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेश दांगी और उनके अन्य सहकर्मी शामिल रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!