मतगणना के बाद तय हुआ कोटा

चंदेरी से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व न्यायाधीश डॉ. विजय कुमार चौधरी ने मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के सदस्य के रूप में निर्वाचन हासिल किया है। लंबी चली मतगणना प्रक्रिया के दौरान उन्होंने आवश्यक कोटे को पूरा करते हुए दसवें सदस्य के रूप में यह विजय प्राप्त की।

कई जिलों से मिला मजबूत समर्थन

वर्तमान में भोपाल में कार्यरत डॉ. चौधरी को चंदेरी के साथ-साथ राजगढ़, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, श्योपुर और भोपाल के विधि व्यवसाय से जुड़े वकीलों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। स्थानीय अभिभाषक संघ का मानना है कि उनका विस्तृत न्यायिक अनुभव प्रदेशभर के अधिवक्ताओं के कल्याण तथा न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने में उपयोगी साबित होगा।

चंदेरी में अधिवक्ताओं ने की आतिशबाजी

राज्य अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके डॉ. चौधरी की इस उपलब्धि से क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वकीलों में हर्ष का माहौल है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर आतिशबाजी कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की गई।

अभिभाषक संघ ने जताई अध्यक्ष पद की उम्मीद

चंदेरी अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अंशुल श्रीवास्तव, सीनियर एडवोकेट आईके पठान, सतीश श्रीवास्तव, सचिव अनिल तिवारी, उपाध्यक्ष सिराज खान पठान, आलोक चौरसिया और अनीस उल्ला खान सहित तमाम वरिष्ठ वकीलों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही यह उम्मीद जताई कि डॉ. चौधरी एक बार फिर राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष पद को सुशोभित करने में सफल रहेंगे।