121 केंद्रों से हो रहा है उर्वरक का वितरण
अशोकनगर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलेक्टर साकेत मालवीय ने जिले में खाद की उपलब्धता और उसके वितरण के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले भर में कुल 121 केंद्रों के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें मार्कफेड के 3, सहकारी समितियों के 62, एमपी एग्रो का एक और 55 निजी खाद विक्रय केंद्र शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार रबी सीजन के दौरान अब तक 9,403 किसानों द्वारा 6,269 मीट्रिक टन खाद का उठाव किया जा चुका है। इसके अलावा खरीफ सीजन के दौरान 1,04,781 किसानों ने 68,578 मीट्रिक टन खाद प्राप्त की थी। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए डबल लॉक केंद्रों, सहकारी समितियों और कृषि कार्यालयों में विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं।
ई-टोकन व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण अभियान
कलेक्टर ने ई-टोकन व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि एक अप्रैल से अब तक किसानों द्वारा कुल 2,07,102 ई-टोकन बुक किए गए हैं, जिनमें से 7,300 टोकन किसानों ने खुद ही निरस्त भी कराए हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर को समाप्त होगा। साथ ही, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के तहत मिलने वाले आवेदनों के त्वरित निराकरण पर भी चर्चा की गई।
केंद्रीय मंत्री के छह प्रस्तावित कार्यक्रम
पत्रकार वार्ता में आगामी 15 से 18 अक्टूबर के दौरान केंद्रीय मंत्री के संभावित दौरों और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। इस अवधि में करीला माता मंदिर पर आदिवासी सम्मेलन, सेहराई में हितग्राही सम्मेलन, नगरीय सौंदर्यीकरण कार्यों व कॉल सेंटर भवन का भूमिपूजन, कौशल विकास सम्मेलन और आपदा युवा मित्रों को किट वितरण जैसे कुल छह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वार्ता के अंत में जनगणना के दूसरे चरण और स्वामित्व योजना से जुड़े कार्यों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर डीएन सिंह सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!