अशोकनगर शहर के विनीत टॉकीज के पास एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां रविवार शाम करीब 30 वर्षीय रुकसार खान का शव उसके घर की दूसरी मंजिल पर बने किचन में फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका अपने 102 वर्षीय बुजुर्ग पिता चांद खान के साथ इसी मकान में रहती थी।

दक्षिण कोरिया से बहन ने दी थी पुलिस को सूचना

घटना का खुलासा तब हुआ जब दक्षिण कोरिया में रह रही रुकसार की बहन सवाना शनिवार से लगातार उससे फोन पर संपर्क साधने की कोशिश कर रही थी। फोन रिसीव न होने पर चिंतित सवाना ने भोपाल पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस जब रुकसार के घर पहुंची और उसके 102 वर्षीय पिता चांद खान से पूछताछ की, तो उन्होंने सहजता से यही कहा कि उनकी बेटी ऊपर किचन में खाना बना रही होगी। उन्हें इस अनहोनी की कोई जानकारी नहीं थी।

किचन में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

पिता की बात के बाद जब पुलिसकर्मी घर की दूसरी मंजिल पर बने किचन में गए, तो वहां रुकसार का शव लोहे के कुंदे से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने तत्काल पंचनामा तैयार किया और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की उम्र बहुत अधिक हो चुकी है, जिसके चलते उन्हें सुनने और बोलने में भी परेशानी होती है।

परिवार में पहले भी हो चुकी हैं कई मौतें

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, चांद खान ने अपने जीवन में चार शादियां की थीं। इनमें से एक पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि दो अन्य पत्नियों की अलग-अलग परिस्थितियों में मौत हो चुकी है।

चौथी पत्नी से चांद खान को चार बेटियां थीं। इनमें से भी दो बेटियों ने कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी। इस परिवार में अब केवल रुकसार, उसकी बहन सवाना और उनके बुजुर्ग पिता ही बचे थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।