अशोकनगर जिले की पिपरई थाना पुलिस ने गंभीर मामले में वांछित चल रहे एक फरार आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस के हत्थे चढ़ा यह आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था, जिसे अब पुलिस ने सफलतापूक दबोच लिया है।
अगस्त माह में दर्ज हुआ था मामला
यह पूरा घटनाक्रम 17 अगस्त का है, जब एक स्थानीय महिला ने थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोनू अहिरवार के विरुद्ध जबरदस्ती दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था।
तकनीकी मदद और मुखबिर से सुराग
अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी पूरा सहारा लिया और आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
न्यायालय में दर्ज कराए गए बयान
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीड़िता का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया और अदालत के समक्ष उसके बयान भी दर्ज कराए गए। इस पूरी धरपकड़ की कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
इस ऑपरेशन को एसपी राजीव कुमार मिश्रा, एएसपी अंतर सिंह कनेश और चंदेरी एसडीओपी महेश कुमार शर्मा के निर्देशन में पूरा किया गया। पिपरई थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस सफलता को हासिल किया, जिसमें उप निरीक्षक मंदाकिनी पटेल, संजय गुप्ता, अभिजीत सिंह, रघुवीर और योगेश भार्गव की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!