वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ मैस का शुभारंभ
अशोकनगर जिले सहित प्रदेशभर के पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या एवं बालक छात्रावासों में तैयार की गई मैस सुविधाओं का गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस योजना की शुरुआत की और छात्रावास के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया।
मुख्यमंत्री और छात्रा के बीच हुई रोचक बातचीत
संबोधन के दौरान जब कैमरा मैस के गेट पर सजे गुब्बारों पर केंद्रित था, तब मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि गुब्बारे तो दिख गए हैं, अब बच्चियों को भी स्क्रीन पर दिखा दीजिए। इसके बाद उन्होंने अशोकनगर छात्रावास की छात्रा निशा यादव से राधे-राधे के साथ अभिवादन कर बातचीत शुरू की।
मुख्यमंत्री ने छात्रा से पूछा कि नई मैस की सुविधा मिलने से उसे कैसा लग रहा है और उसकी पढ़ाई कैसी चल रही है। छात्रा निशा ने बताया कि वह डीएमएलटी का कोर्स कर रही है और मैस शुरू होने से उन्हें पढ़ाई के लिए काफी समय मिल पाएगा, जिससे सभी विद्यार्थियों में बेहद खुशी का माहौल है।
प्रदेशभर के नौ हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत राज्य के जिला स्तर पर संचालित 106 पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या एवं बालक छात्रावासों में 8.61 करोड़ रुपये की लागत से इन मैस का निर्माण कराया गया है। इस सौगात से करीब नौ हजार विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तायुक्त और स्वादिष्ट भोजन मिल सकेगा।
अशोकनगर के 50 सीटर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में आयोजित इस स्थानीय कार्यक्रम में कलेक्टर साकेत मालवीय, सांसद प्रतिनिधि हरिओम नायक, हरि सिंह रघुवंशी, संजीव भारिल्ल, मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग के महामंत्री रविन्द्र लोधी, रामवीर धनोरिया और विभाग के सहायक संचालक शिवप्रताप सिंह रघुवंशी समेत कई गणमान्य नागरिक और छात्राएं मौजूद रहीं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!