माता की झांकी देखने जा रहे थे युवक
अशोकनगर-गुना मार्ग पर सेजी गांव के समीप सोमवार की रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। सेजी पठार के रहने वाले दो चचेरे भाई दीपु (पुत्र कैलाश आदिवासी) और राजा (पुत्र सुरेश आदिवासी) घर से शाढ़ौरा में स्थापित माता की झांकी देखने के लिए निकले थे। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
150 फीट तक घिसटती चली गई बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोकनगर की दिशा से दो ट्रक काफी तेज गति से आ रहे थे। आगे चल रहे ट्रक ने युवकों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इस दौरान एक युवक बाइक के साथ करीब 150 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया, वहीं दूसरा युवक ट्रक के पिछले पहियों की चपेट में आ गया।
इस हादसे की जद में दो अन्य बाइकें भी आ गईं, जिससे कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दमोह के छपराई निवासी परमाल अहिरवार व श्रीबाई अहिरवार के अलावा गुना के विजयपुर निवासी विनोद सपेरा, भरत सपेरा और मुकेश सपेरा शामिल हैं।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस कार्रवाई
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी पांचों घायलों को तुरंत शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।
थाना प्रभारी सुनील सिकरवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद दोनों ट्रकों के चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!