नया बस स्टैंड से हुई थी स्प्लेंडर चोरी

अशोकनगर जिले के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। बीते 29 सितंबर को पिपरई निवासी अंकित जैन की स्प्लेंडर बाइक (MP67ME8706) स्थानीय नया बस स्टैंड के पास से चोरी हो गई थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और तकनीकी साक्ष्यों व छानबीन के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। इसी कड़ी में पुलिस ने विदिशा जिले के करैया हाट निवासी फैजान उर्फ सलमान (26) को हिरासत में ले लिया।

कड़ाई से पूछताछ में हुआ अन्य चोरियों का खुलासा

गिरफ्तार आरोपी फैजान से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने ईसागढ़ और शाढ़ौरा से भी दो अन्य मोटरसाइकिलें चुराने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।

जांच में सामने आया कि ईसागढ़ से चुराई गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (MP67MF7164) आरोपी फैजान ने विदिशा जिले के गंज बासौदा निवासी मनोज विश्वकर्मा (39) को बेच दी थी। पुलिस ने इस मामले में मनोज विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं 303(2) और 317(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया है, जहां से अग्रिम न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।