अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आम खो मंदिर के पास तेज बहाव में बहे छात्र ध्रुव दुबे का शव घटना के तीसरे दिन मंगलवार की सुबह मिल गया। SDRF की टीम को यह शव घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर एक नाले में उतराता हुआ मिला।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नाले में दिखा शव
मंगलवार सुबह से ही SDRF की टीम नदी और उसके आसपास के इलाकों में लापता छात्र की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान सर्च अभियान के तहत टीम को घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित एक नाले के पास शव नजर आया। बताया जा रहा है कि यह नाला नदी के नजदीक ही स्थित है, जहां पानी के बहाव के कारण एक बड़ा गड्ढा बन गया था।
पुलिस ने शुरू कराई पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
घटनास्थल से शव बरामद होने के बाद राहत दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। लगातार तीन दिनों तक पानी में रहने की वजह से शव फूल चुका था। फिलहाल पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीसरे दिन जाकर मिला सफलता
गौरतलब है कि नदी में छात्र के बह जाने के बाद से ही SDRF की टीम लगातार तीसरे दिन भी उसकी तलाश कर रही थी। इसी दुर्घटना में बहने वाले दूसरे छात्र दक्ष यादव, जो भटौली का रहने वाला था, उसका शव एक दिन पहले यानी सोमवार की सुबह ही मिल चुका था।
बीते रविवार को दक्ष यादव और ध्रुव दुबे अपने अन्य तीन साथियों के साथ आम खो मंदिर के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज होने के कारण दक्ष और ध्रुव पानी के तेज प्रवाह में बह गए थे। हादसे के तुरंत बाद से ही पुलिस और SDRF दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!