राजीव गांधी सह उपभोक्ता भंडार के बाहर हुआ हंगामा

अशोकनगर शहर की दुबे कॉलोनी में स्थित राजीव गांधी सह उपभोक्ता भंडार राशन दुकान के तय समय पर न खुलने के कारण स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को सुबह से ही राशन लेने पहुंचे उपभोक्ता दुकान के बाहर इंतजार कर रहे थे, लेकिन जब काफी देर तक संचालक और सेल्समैन नहीं पहुंचे, तो लोगों ने सड़क पर ही डेरा डाल दिया।

सड़क जाम होने से राहगीरों से हुई तनातनी

गुस्साए लोगों ने स्वराज एजेंसी के पास ओवरब्रिज के नजदीक मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस वजह से अस्पताल, गांधी पार्क और पछाड़ी खेड़ा की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों तथा राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान अस्पताल जाने वाले लोगों के निकलने की कोशिश पर प्रदर्शनकारियों से उनकी बहस भी हुई, जिससे मौके पर दो बार तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस और प्रशासनिक अमले ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए हालात को नियंत्रित किया और किसी तरह शांति व्यवस्था कायम रखी।

हंगामे की सूचना पाकर तहसीलदार आलोक श्रीवास्तव और खाद्य अधिकारी प्राची शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदार को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में तय समय पर ही राशन का वितरण किया जाए।

सर्वर की समस्या से बढ़ी थी भीड़

खाद्य अधिकारी प्राची शर्मा ने बताया कि पिछले एक-दो दिनों से इंटरनेट सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिस वजह से दुकान पर उपभोक्ताओं की लंबी भीड़ जमा हो गई थी। आज वितरण करने वाला व्यक्ति समय पर नहीं पहुंच पाया, जिसके कारण लोगों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने चक्काजाम कर दिया। दुकान खुलने और वितरण कार्य शुरू होने के बाद प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।