नदी में नहाते समय हुआ हादसा

अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना इलाके में स्थित आम खो मंदिर के समीप यह दुखद घटना घटी। रविवार दोपहर को कुछ युवक वहां नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान पानी के अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से दो दोस्त गहरे पानी में चले गए और बह गए।

एक युवक का शव बरामद

हाथों-हाथ सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई थी। सोमवार की सुबह बचाव दल को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक युवक का शव मिल गया है। हालांकि, हादसे के शिकार हुए दूसरे युवक ध्रुव दुबे का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

एसडीआरएफ की नाव से तलाश जारी

लापता युवक की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में नाव के जरिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। इससे पहले रविवार देर रात तक प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और स्थानीय विधायक भी मौके पर मौजूद रहे थे, लेकिन अंधेरा अधिक होने और भौगोलिक स्थिति कठिन होने के कारण रात को रेस्क्यू रोकना पड़ा था।

घटनास्थल पर मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण बच्चों को परिजनों और पुलिस तक सूचना पहुंचाने में कठिनाई हुई थी। पास के सूरैल गांव के नजदीक हुए इस हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भी तुरंत मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से खोज अभियान में सहयोग किया।