अशोकनगर और नई दिल्ली के बीच संचालित होने वाली सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन (04003/04004) को अब नियमित रूप से चलाए जाने की मांग ने तूल पकड़ लिया है। स्थानीय निवासियों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने इसके स्थायी संचालन के लिए रेल मंत्रालय व रेलवे बोर्ड को पत्र लिखने की तैयारी शुरू कर दी है।

वर्तमान में केवल त्योहारों पर होती है संचालित

यह रेल सेवा अभी तक केवल गुरु पूर्णिमा और बैसाखी जैसे चुनिंदा पर्वों और विशेष अवसरों पर ही पटरियों पर दौड़ती है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि इस स्पेशल ट्रेन को परमानेंट कर दिया जाए, तो अशोकनगर जिले के निवासियों को देश की राजधानी तक पहुंचने के लिए एक सीधी और सुगम रेल सुविधा मिल सकेगी।

यात्रियों और कारोबारियों को होगी सहूलियत

इस ट्रेन के नियमित होने का सबसे ज्यादा फायदा दैनिक सफर करने वालों, विद्यार्थियों, स्थानीय कारोबारियों और नौकरीपेशा वर्ग को मिलेगा। फिलहाल दिल्ली की यात्रा करने के लिए लोगों को मजबूरन गुना या बीना स्टेशन जाकर अन्य गाड़ियों पकड़नी पड़ती हैं, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान होता है बल्कि कीमती समय भी बर्बाद होता है।

इसके अलावा, विश्वविख्यात धार्मिक केंद्र आनंदपुर धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी। अभी दिल्ली और पंजाब की तरफ से आने वाले भक्त ललितपुर स्टेशन पर उतरते हैं, जहां से धाम की दूरी करीब 80 किलोमीटर पड़ती है। यदि अशोकनगर तक सीधी ट्रेन शुरू हो जाती है, तो यह दूरी घटकर महज 25 किलोमीटर रह जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से करेंगे मुलाकात

हाल के दिनों में रेलवे प्रशासन द्वारा कई अन्य स्पेशल ट्रेनों को भी नियमित किया गया है, जिसके चलते स्थानीय लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। नागरिकों ने क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। जनता का मानना है कि मंत्री के प्रयास से रेल मंत्रालय इस रूट पर जल्द ही सकारात्मक फैसला लेगा और लोग जल्द ही सांसद को ज्ञापन भी सौंपेंगे।