अशोकनगर जिले में प्रशासनिक स्तर पर विकास कार्यों की सुस्त चाल को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर साकेत मालवीय ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रमुख विभागों के अधिकारियों की एक अहम समीक्षा बैठक ली।
तय अवधि में पूरे किए जाएं सभी निर्माण कार्य
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में चल रहे तमाम निर्माण कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सभी प्रोजेक्ट्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान जिन कार्यों की शुरुआत अब तक नहीं हो पाई थी, उनकी भी बिंदुवार जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन कामों में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरती जा रही है, उन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं जैसे भूमि की उपलब्धता, बिजली कनेक्शन, पानी की व्यवस्था और तकनीकी स्वीकृतियों के मामलों का आपसी समन्वय से जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, पीआईयू, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पीएचई, जल निगम, जल संसाधन, शिक्षा विभाग और बिजली कंपनी समेत विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी शामिल रहे, जिन्हें कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!