अशोकनगर जिले में अब गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, जिसके चलते मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव आ रहा है। स्थानीय स्तर पर मौसम का दोहरा प्रभाव साफ नजर आ रहा है, जहां दिन के समय सूरज की तेज किरणें लोगों को परेशान कर रही हैं, वहीं शाम ढलते ही हवाओं में हल्की ठंडक घुलने लगती है।

पांच दिनों में लुढ़का रात का पारा

पिछले पांच दिनों के तापमान पर गौर करें तो रात के समय पारे में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान 19 अक्टूबर की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 18.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके विपरीत, दिन के वक्त अधिकतम तापमान अभी भी 33 से 34.8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

दिन और रात के तापमान में करीब 15.8 से 16 डिग्री सेल्सियस तक का बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। बीते 18 अक्टूबर को दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जिससे दोपहर के वक्त गर्मी और चुभन महसूस हुई। रात के समय ओस गिरने और हल्की ठंडी हवाएं चलने से अब लोगों को सोते समय हल्की चादर या कंबलों की जरूरत पड़ने लगी है।

स्वास्थ्य के प्रति बरतें सावधानी

दिन की तेज धूप और रात में अचानक तापमान कम होने की वजह से यह बदलाव सेहत के लिए काफी संवेदनशील माना जा रहा है। मौसम में इस उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार और गले के संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। चिकित्सकों और जानकारों ने सुबह की सैर पर निकलने वाले बुजुर्गों तथा सुबह के वक्त स्कूल जाने वाले बच्चों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है।

सुबह और देर रात के वक्त घर से बाहर निकलते समय लोगों को हल्के गर्म कपड़ों का उपयोग शुरू कर देना चाहिए, ताकि बदलते मौसम के दुष्प्रभावों से बचा जा सके। पिछले पांच दिनों के तापमान आंकड़ों के अनुसार, 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 21.4 डिग्री, 19 अक्टूबर को अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 18.0 डिग्री, 18 अक्टूबर को अधिकतम 34.8 और न्यूनतम 21.2 डिग्री, 17 अक्टूबर को अधिकतम 34.7 और न्यूनतम 21.6 डिग्री तथा 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।