गुना रोड पर टीटीवीएस शोरूम के पास हुई वारदात

अशोकनगर जिले के गुना रोड स्थित टीवीएस शोरूम के नजदीक 5 अक्टूबर को एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। इस घटना में शामिल एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन की तलाश लगातार जारी है।

स्कूटी की किस्त और पांच हजार रुपए छीने

बहादुरपुर निवासी आदित्य यादव की स्कूटी को उसका एक दोस्त सर्विस करवाने के लिए एजेंसी लेकर जा रहा था। रास्ते में अनिल रघुवंशी, ऋषभ रघुवंशी, युवराज और उनके एक अन्य साथी ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने स्कूटी की किस्त बकाया होने का हवाला देते हुए वाहन छीन लिया और मारपीट करते हुए पांच हजार रुपए भी निकाल लिए।

घटना के बाद पीड़ित आदित्य ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपियों के मारपीट करते हुए एक वीडियो के साक्ष्य भी जुटाए।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि वीडियो और शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में ऋषभ रघुवंशी (निवासी देरखा), युवराज (निवासी परासरी), अनिल रघुवंशी (निवासी तरावली) और एक अन्य शामिल हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषभ रघुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशों के तहत वाहन छीनने और मारपीट जैसी वारदातों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए पुलिस बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।