माता मंदिर के पास हुआ हादसा
अशोकनगर शहर में माता मंदिर के नजदीक रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक का सिर और पैर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे।
मृतक की शिनाख्त 34 वर्षीय सोनू अहिरवार पुत्र उधम सिंह अहिरवार के रूप में हुई है, जो माता मंदिर इलाके का ही रहने वाला था। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
परिजन बोले- मालिक करता था प्रताड़ित
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने दुकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक सोनू मगरदा स्थित नितिन जैन की गल्ला दुकान पर पिछले सात दिनों से अनाज की बोरियां उठाने का काम कर रहा था, लेकिन मालिक उसे मेहनताना नहीं दे रहा था।
मृतक की पत्नी अनीता का कहना है कि दुकान मालिक नितिन जैन लगातार उसके पति को धमकाता था और उनके साथ मारपीट भी की जाती थी। प्रताड़ना से तंग आकर ही सोनू ने यह खौफनाक कदम उठाया है।
पत्नी के साथ भी की थी बदसलूकी
अनीता ने बताया कि जब वह खुद मजดूरी के पैसे मांगने दुकान पर गई थी, तब आरोपी नितिन जैन ने उसे भी धमकाया और थप्पड़ जड़ दिया था। परिजनों ने सौरभ और लक्की नाम के अन्य व्यक्तियों पर भी सोनू को ब्लैकमेल करने और मालिक से चुगली करने का आरोप लगाया है।
मृतक के साले ने जानकारी दी कि सोनू पहले गुना में मजदूरी करता था, जिसे आरोपी नितिन जैन ने एक हफ्ते पहले ही अशोकनगर काम के सिलसिले में बुलाया था। पुलिस अब परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!