यात्रियों की समस्याओं को सुनने और रेलवे सुविधाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के विशेष अभियान 6.0 के तहत यह पहल की गई थी, जिसमें रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों से सीधा संवाद किया।
दिल्ली और इंदौर के लिए सीधी ट्रेन की उठी मांग
डीएमई आरपी खरे के समक्ष रखी गई शिकायतों में सबसे प्रमुख मुद्दा देश की राजधानी दिल्ली और व्यापारिक केंद्र इंदौर के लिए सीधी रेल सेवा का न होना रहा। यात्रियों ने बताया कि इन बड़े शहरों के लिए डायरेक्ट ट्रेन न होने के कारण व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा चर्चा के दौरान यह भी बात सामने आई कि कोटा-जबलपुर एक्सप्रेस और उज्जैनी-देहरादून एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण पुरानी ट्रेनों के बंद हो जाने से आम यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।
स्टेशन परिसर में मवेशियों का जमावड़ा और बिजली गुल होने पर ठप डिस्प्ले
यात्री मनोज कुमार ने रेलवे अधिकारियों को खरी-खखरी सुनाते हुए शिकायत की कि स्टेशन परिसर की स्थिति गोशाला जैसी हो गई है। यहाँ खुलेआम गाय और भैंसें अंदर घुस आती हैं और चारों तरफ गंदगी तथा गोबर फैलाती हैं, जिससे बुजुर्गों और अन्य यात्रियों का प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित चलना दूभर हो गया है।
यात्रियों ने यह भी समस्या उठाई कि स्टेशन पर जैसे ही बिजली जाती है, कोच डिस्प्ले बोर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सूचना तंत्र पूरी तरह बंद हो जाते हैं। बिजली कटने की स्थिति में यात्रियों को यह जानकारी तक नहीं मिल पाती कि उनकी ट्रेन किस प्लेटफॉर्म पर आएगी, इसलिए इन डिस्प्ले सिस्टम्स को सीधे बिजली लाइन से जोड़े जाने की मांग की गई।
अधिकारियों ने दिया समस्याओं के समाधान का आश्वासन
गुरुवार को भोपाल रेल मंडल के कुल 71 रेलवे स्टेशनों पर इस तरह के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। जनता से मिले फीडबैक और शिकायतों को सुनने के बाद डीएमई आरपी खरे ने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी बिंदुओं को शॉर्ट-टर्म, मीडियम-टर्म और लॉन्ग-टर्म श्रेणियों में विभाजित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उनका जल्द ही निराकरण किया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!