अशोकनगर के मुंगावली में हर्षोल्लास से मनी बाबा रामदेव की जयंती

मुंगावली शहर में रविवार को बंजारा समाज ने अपने लोकदेवता बाबा रामदेव की 617वीं जयंती पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने के लिए आसपास के करीब 50 चक्कों यानी बंजारा बस्तियों से भारी संख्या में श्रद्धालु मुंगावली पहुंचे थे।

पारंपरिक परिधान और सेरे नृत्य का दिखा अनूठा संगम

उत्सव की शुरुआत रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्री राम इच्छा कुटी से हुई, जहां से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस चल समारोह का मुख्य आकर्षण एक सुंदर सजी हुई घोड़ा-बग्गी थी, जिसमें बाबा रामदेव की पवित्र तस्वीर सुशोभित की गई थी। यात्रा के दौरान डीजे पर गूंजते भजनों के बीच समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे झूमते नजर आए।

खासतौर पर समाज के पुरुषों ने अपने पारंपरिक पहनावे में हाथों में डंडे लेकर पारंपरिक सेरे लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। यह सांस्कृतिकनृत्य पूरे नगर में मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा और देखने वालों का दिल जीत लिया।

प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा, शहरवासियों ने की पुष्पवर्षा

श्रीराम इच्छा कुटी से प्रारंभ होकर यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। गणेश शंकर विद्यार्थी चौराहा, पुराना थाना और पोस्ट ऑफिस चौराहा से गुजरते हुए जब यह चल समारोह जय स्तम्भ चौराहे पर पहुंचा, तो स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर इसका भव्य स्वागत किया।

इस भव्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए फलाहार तथा केले का प्रसाद भी वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।