अशोकनगर जिले के कचनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पिपरिया गांव के पास एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां बदमाशों द्वारा बिजली के खंभों पर कसे गए तारों को काटकर पिकअप वाहन में भरा जा रहा था। इस दौरान मौके पर पहुंचे विद्युत ठेकेदार के कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध को धर दबोचा।
न,टी.पी.सी. लाइन के लिए बिछ रहे थे तार
निशाने पर आए ये तार करैया राय गांव में निर्माणाधीन विद्युत सब-स्टेशन के लिए डाली जा रही नई एनटीपीसी लाइन से जुड़े थे। इन खंभों को हाल ही में खड़ा किया गया था और सुरक्षा की दृष्टि से उनमें अभी विद्युत प्रवाह शुरू नहीं किया गया था, जिसका फायदा चोर उठाने की फिराक में थे।
कर्मचारियों की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी
विद्युत ठेकेदार के कर्मचारी सौरभ सिकरवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे सोमवार की रात करैया से अशोकनगर की तरफ लौट रहे थे। पिपरिया राय गांव के तिराहे के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े देखकर उन्होंने अपना वाहन रोक लिया। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो एक शख्स खंभे पर चढ़ा हुआ था और दो-तीन लोग नीचे खड़े थे।
कर्मचारियों की गाड़ी रुकते ही नीचे मौजूद अन्य लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन कर्मचारियों ने खंभे पर मौजूद युवक को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान लटेरी निवासी अरशद पुत्र शहजादे खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
घटना के बाद आरोपी को कचनार थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान आरोपी को रस्सी से बांधकर पूछताछ किए जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। कचनार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुशवाह ने पुष्टि की है कि आरोपी अरशद के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके से पिकअप वाहन और चोरी किए गए कटे हुए तार भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!