अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा कस्बे में स्थित नईसराय रोड रेलवे फाटक के पास स्थानीय नागरिकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चोरी के ट्रैक्टर के साथ दो संदिग्ध युवकों को धर दबोचा। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जब पुलिस ने वाहन की पड़ताल की तो यह गुना के कैंट थाना क्षेत्र से चुराया गया वाहन निकला।

गुना में दर्ज कराई गई थी चोरी की एफआईआर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुना निवासी शशिभूषण रघुवंशी ने गत 2 अक्टूबर को अपना महिंद्रा 275 ट्रैक्टर चोरी होने की शिकायत कैंट थाने में दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद गुना पुलिस ने आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया था। चूंकि गुना और शाढ़ौरा की सीमाएं आपस में सटी हुई हैं, इसलिए शाढ़ौरा थाना पुलिस भी लगातार इस चोरी की गाड़ी की तलाश में जुटी हुई थी।

रेलवे फाटक के पास ग्रामीणों ने पहचाना वाहन

बीते रोज जब शाढ़ौरा में नईसराय रेलवे फाटक के पास से यह ट्रैक्टर गुजरा, तो वहां मौजूद लोगों को इस पर शक हुआ। ग्रामीणों ने वाहन की पहचान कर तुरंत इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाई। सूचना मिलते ही शाढ़ौरा थाने की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और सोनू कोरी (निवासी छैलाबाग, अशोकनगर) तथा साहिल कोरी (निवासी फरदाई) को ट्रैक्टर के साथ पकड़ लिया।

मिक्सर मशीन ले जा रहे थे दोनों आरोपी

जांच में सामने आया कि ये दोनों युवक पकड़े गए ट्रैक्टर के पीछे मिक्सर मशीन बांधकर ले जा रहे थे। स्थानीय पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रैक्टर और दोनों आरोपियों को आगे की वैध कार्रवाई के लिए गुना जिले की कैंट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने में शाढ़ौरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिकरवार, सहायक उप निरीक्षक मनीराम जाटव और प्रधान आरक्षक महावीर औझा की अहम भूमिका रही।