विसर्जन जुलूस के दौरान सामने आई सनसनीखेज घटना

अशोकनगर जिले के रामपुरा मोहल्ले में माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद अजीब और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ जुलूस में शामिल महिलाओं, बच्चियों और पुरुषों पर गुलाल में लाल मिर्च पाउडर मिलाकर फेंका गया। यह घटना 20 अक्टूबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शुक्रवार रात को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

गुलाल नाली में फेंकने की रंजिश में रची साजिश

पुलिस की पूछताछ में हिरासत में लिए गए नाबालिगों ने खुलासा किया कि उनके मोहल्ले में भी माता की झांकी बैठी थी जिसमें उन्होंने सहयोग किया था। विसर्जन के वक्त वे अपने साथ गुलाल लेकर चल रहे थे। उनका आरोप है कि रास्ते में कुशवाहा समाज के कुछ युवकों ने उनका गुलाल छीनकर नाली में फेंक दिया, जिससे वे रंजिश मान बैठे और बदला लेने की योजना बनाई।

दुकान से मिर्च खरीदकर गुलाल में मिलाया

रंजिश के चलते दोनों आरोपित एक दुकान पर गए जहाँ से उन्होंने गुलाल का एक कट्टा और लाल मिर्च का पैकेट खरीदा। इसके बाद उन्होंने मिर्च को गुलाल में अच्छी तरह मिला लिया और विसर्जन जुलूस में नृत्य कर रही महिलाओं व बच्चियों के ऊपर इसे उड़ा दिया। इस हरकत से कई लोगों की आँखों में तेज जलन होने लगी थी, हालांकि उस वक्त लोग समझ नहीं पाए कि यह अचानक क्यों हुआ।

वायरल वीडियो और पुलिस की कार्रवाई

सामने आए वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक लड़का दूसरे को गुलाल में मिर्च मिलाने से मना करते हुए कह रहा है कि इससे विवाद बढ़ जाएगा। इसके बावजूद दूसरा युवक नहीं माना और उसने वीडियो में समाज के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वीडियो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किया गया था जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है और तीसरे युवक की तलाश की जा रही है।