मंदिर में घुसकर पुजारी से की थी मारपीट

अशोकनगर जिले के चंदेरी इलाके में धार्मिक स्थल पर उपद्रव और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर लोगों में रोष व्याप्त था।

रात के समय रामायण पाठ के दौरान हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 अगस्त की रात की है। गांव के हनुमान मंदिर में पुजारी विनोद तिवारी रामायण का पाठ कर रहे थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला शैलेन्द्र उर्फ सोनू बुंदेला वहां पहुंचा और पूजा-पाठ को लेकर बेवजह विवाद शुरू कर दिया।

मूर्तियों को खंडित कर स्कूटर में की तोड़फोड़

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शैलेन्द्र ने पुजारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसने मंदिर में रखे पत्थरों से हनुमानजी की मूर्ति को खंडित कर दिया और परिसर में रखा सामान भी बिखेर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने बाहर खड़ी पुजारी की स्कूटर में भी तोड़फोड़ की और भगवान शंकर की पिंडी तथा नंदी की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया।

विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेजा गया आरोपी

पुजारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296(बी), 298, 299 और 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 41 वर्षीय आरोपी शैलेन्द्र उर्फ सोनू, निवासी बांकलपुर को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वारंट जारी होने के बाद उसे अशोकनगर जिला जेल भेज दिया गया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशांत यादव एवं उनकी टीम द्वारा पूरी की गई।