अशोकनगर जिले के चंदेरी इलाके के विक्रमपुर गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। खेत पर खेलने के दौरान चार सगे भाइयों की एक पुराने और खुले कुएं में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बचाने की कोशिश में एक के बाद एक गिरे चारों भाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रमपुर गांव में बलवीर कुशवाह के खेत पर एक पुराना कुआं है, जिसमें करीब 5 से 6 फीट पानी भरा हुआ था। सबसे पहले उनमें से एक भाई कुएं में गिर गया। उसे बचाने के फेर में बाकी तीनों भाई भी एक-एक करके पानी में फिसल गए। कुएं में मुंडेर न होने और जगह सुनसान होने के कारण किसी को भी तुरंत इस हादसे की भनक नहीं लग सकी।

परिजनों ने तलाश की तो सामने आया खौफनाक सच

जब काफी देर तक बच्चे अपने घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब परिवार वाले खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने कुएं के अंदर बच्चों के शव देखे। पहले एक बच्चे का शव बाहर निकाला गया, जिसके बाद पानी के भीतर तीनों भाइयों के शव भी मिल गए। मृतकों की पहचान देव, त्रिवेद, महादेव और प्रियांशु के रूप में हुई है।

माता-पिता थे बाहर, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

हादसे के वक्त बच्चों के पिता मजदूरी करने बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी मां किसी रिश्तेदार के निधन के कारण अपने मायके गई हुई थी। घर पर चारों बच्चे अकेले थे। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार दिलीप दरोगा और थाना प्रभारी प्रशांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को चंदेरी सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया गया।

सुरक्षा मुंडेर न होने से हुआ हादसा

ग्रामीणों ने बताया कि खेत में बने इस कुएं पर किसी प्रकार की मुंडेर नहीं बनी हुई थी। यह कुआं खेत के समतल स्तर पर होने के कारण दूर से स्पष्ट दिखाई भी नहीं देता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी लापरवाही और सुरक्षा के अभाव के चलते मासूम खेलते-खेलते इस घातक हादसे का शिकार हो गए।