अशोकनगर जिले के आमखो क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां झरने में नहाने गए दो किशोर पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और दोनों किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

झरने में नहाते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोकनगर निवासी करीब 15 वर्षीय ध्रुव दुबे और दक्ष यादव अपने तीन अन्य साथियों के साथ रविवार दोपहर करीब एक बजे आमखो घूमने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे ये पांचों दोस्त झरने के पानी में उतरे और नहाने लगे। इसी दौरान जलस्तर और बहाव अचानक तेज हो गया, जिसकी चपेट में आकर ध्रुव और दक्ष गहरे पानी में बह गए। गनीमत यह रही कि उनके अन्य तीन साथी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।

नेटवर्क न होने से देरी से मिली सूचना

घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद किशोरों ने अपने परिजनों को हादसे की खबर देने का प्रयास किया, लेकिन उस इलाके में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण उन्हें खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद वे किसी तरह नेटवर्क क्षेत्र में पहुंचे और घर वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को भी इस दुर्घटना से अवगत कराया गया।

अंधेरे और तेज बहाव के बीच तलाश जारी

सूचना मिलते ही चंदेरी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम हरकत में आई और फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी। रात के समय भी बचाव दल पानी में लापता किशोरों को ढूंढने का प्रयास करता रहा। मौके पर मुंगावली विधायक के अलावा दोनों किशोरों के परिजन और तमाम रिश्तेदार भी मौजूद हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल का इलाका काफी उबड़-खाबड़ है और पानी का बहाव बेहद तेज बना हुआ है, जिसके कारण रेस्क्यू टीमों को खोजबीन के दौरान भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।