अशोकनगर शहर में कथित रंगदारी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे मगरदा चौराहा निवासी 20 वर्षीय अंशुल साहू पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंशुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल अंशुल साहू का आरोप है कि विशाल वंशकार, शिवम साहू और उनके कुछ साथी इलाके के लोगों से रंगदारी की मांग करते हैं। उसके मुताबिक, आरोपित 500 रुपये से लेकर 2 हजार रुपये तक की रकम वसूलते हैं और पैसे नहीं देने पर मारपीट करते हैं।

2 हजार रुपये मांगने का आरोप
अंशुल का कहना है कि मंगलवार रात आरोपितों ने उससे 2 हजार रुपये की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो एक दर्जन से अधिक लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में धारदार हथियार, लाठी और डंडों का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अंशुल साहू की शिकायत पर विशाल वंशकार और शिवम साहू समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दी गई है। एक युवती ने रविंद्र साहू, मुकेश साहू और अंशुल साहू पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!