अशोकनगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

सागर जिले में हाल ही में सामने आई जहरीली शराब की घटनाओं के बाद से अंचल में प्रशासनिक अमला मुस्तैद हो गया है। इसी के चलते अशोकनगर जिले में भी अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को तेज कर दिया गया है। रविवार की शाम को आबकारी विभाग की विशेष टीमों ने जिले के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।

त्रिवेणी नदी किनारे मिला भारी मात्रा में लाहन

छापेमारी के दौरान अमले ने माधौगढ़ गांव के पास त्रिवेणी नदी के तटवर्ती इलाकों की सघन तलाशी ली। इस दौरान वहां अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया 750 लीटर लाहन बरामद किया गया। विभाग के अनुसार इस जप्त किए गए लाहन की अनुमानित कीमत करीब 1.12 लाख रुपए है, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

दुकानों की जांच और चार मामले दर्ज

कार्रवाई के दौरान विभिन्न जगहों से 20 लीटर कच्ची अवैध शराब भी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा अधिकारियों द्वारा जिले की करीब 10 मदिरा दुकानों की भी औचक जांच की गई ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर विभाग ने अशोकनगर क्षेत्र में 2, ईसागढ़ में 1 और मुंगावली क्षेत्र में 1 समेत कुल 4 प्रकरण दर्ज किए हैं। ये सभी मामले मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत पंजीबद्ध किए गए हैं।

यह पूरी छापामार कार्रवाई अशोकनगर क्षेत्र प्रभारी सुरेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस टीम में आरक्षक अजय सिंह तोमर समेत अन्य मैदानी अमला भी शामिल रहा।