अशोकनगर जिले में विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को शहर की नवीन कृषि उपज मंडी में शाम 6 बजे से भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन तय किया गया है। इस बार असत्य पर सत्य की जीत के इस पर्व को लेकर शहरवासियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

बढ़ाई गई पुतलों की ऊंचाई और सजावट

आयोजन समिति के मुताबिक इस वर्ष रावण के पुतले की ऊंचाई बीते साल के मुकाबले 2 फीट अधिक रखी गई है। इस प्रकार कुल 53 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही 31 फीट का कुंभकरण और 21 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा। इन सभी पुतलों को मंडी परिसर के अंदर ही तैयार किया गया है और इन्हें अलग-अलग रंगों से सजाया गया है। रावण के पुतले को पिंक, कुंभकरण को ब्लू और मेघनाथ के पुतले को गोल्डन कलर से आकर्षक रूप दिया गया है।

AI आधारित आतिशबाजी और सुरक्षा इंतजाम

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इस बार की आतिशबाजी होगी। आयोजन स्थल पर लगभग दो घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें आधुनिक तकनीक पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार शाम को कलेक्टर साकेत मालवीय और पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मंडी के स्टेडियम मैदान को बैरिकेडिंग कर अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।