अशोकनगर जिले के मुंगावली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खुजराई में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी समस्याएं और जरूरतें प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखीं।

विधायक और कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान मुंगावली विधायक बृजेंद्र सिंह यादव और कलेक्टर साकेत मालवीय ने चौपाल लगाकर एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 315 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 178 शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निराकरण कर दिया गया।

शेष बचे हुए आवेदनों के संदर्भ में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे आगामी सात दिनों के भीतर सभी लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।

17 सितंबर से शुरू होगी स्वामित्व अधिकार रजिस्ट्री

शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर साकेत मालवीय ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 17 सितंबर से स्वामित्व अधिकार रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण अंचलों की संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री कर राजस्व विभाग द्वारा अधिकार दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर स्थल पर शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित किए गए थे। इन स्टॉल्स के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों से नए आवेदन व दस्तावेज लेकर मौके पर ही लाभ का वितरण किया गया।

इस जनसुनवाई शिविर में जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन, अपर कलेक्टर डीएन सिंह, एसडीएम बृजविहारीलाल श्रीवास्तव और जनपद पंचायत सीईओ आलोक इटोरिया समेत तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।