पुलिस को मिली थी अवैध खेती की सूचना

अशोकनगर जिले के बहादुरपुर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले जसैया गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत में अवैध रूप से गांजे की फसल उगाई जा रही है।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी नीलम सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने जसैया के हार में स्थित संबंधित खेत पर अचानक दबिश दी। पुलिस दल को अपनी तरफ आते देख खेत में मौजूद संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का असफल प्रयास किया, जिसे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर धर दबोचा।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 58 वर्षीय नवल कटारिया पुत्र गंगाराम कटारिया, निवासी जसैया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने खेत में गांजे के पौधे होने की बात स्वीकार कर ली।

31 किलोग्राम वजन और 50 हजार रुपये है कीमत

तलाशी के दौरान खेत से कुल 19 हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए। जब्त किए गए इन पौधों का कुल वजन लगभग 31 किलोग्राम है और इनकी अनुमानित बाजार कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और मुंगावली एसडीओपी महेश शर्मा के मार्गदर्शन में पूरी की गई। इस दौरान थाना प्रभारी नीलम सिंह यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी प्रमुख रूप से शामिल रहे।