अशोकनगर जिले में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया और देर रात तक हल्की से तेज बौछारें पड़ने का दौर जारी रहा। शाम के वक्त कई हिस्सों में झमाझम पानी गिरा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली।

चंदेरी में सबसे अधिक चार इंच पानी बरसा

इस दौर की सबसे अधिक बरसात चंदेरी क्षेत्र में देखने को मिली। यहां मात्र तीन घंटे के अंतराल में 95 मिलीमीटर यानी लगभग चार इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इस सीजन में पहली बार चंदेरी में इतनी तीव्र गति से पानी बरसा है, जिससे स्थानीय जल स्रोतों में भी पानी की आवक हुई है।

विभिन्न ब्लॉकों में बारिश के आंकड़े

मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, जिले के अन्य हिस्सों में भी बरसात दर्ज की गई। अशोकनगर मुख्यालय पर 36 मिमी, ईसागढ़ में 30 मिमी और मुंगावली में 5 मिमी पानी गिरा। तेज बरसात के चलते सड़कों पर पानी भर गया और मौसम में ठंडक घुल गई।

सुबह छाया घना कोहरा और मौसम का पूर्वानुमान

शनिवार की तेज बारिश के बाद रविवार की सुबह शहर में करीब दो घंटे तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिससे सुबह के वक्त वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। हालांकि, कुछ देर बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी जिले में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके पश्चात मौसम के पूरी तरह साफ होने के आसार जताए जा रहे हैं।

अब तक कुल बारिश का आंकड़ा

शनिवार की बारिश को मिलाकर जिले में अब तक कुल 782.75 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। ब्लॉकवार स्थिति पर नजर डालें तो चंदेरी में अब तक सर्वाधिक 942 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा मुंगावली में 939 मिमी, ईसागढ़ में 623 मिमी और अशोकनगर ब्लॉक में 587 मिमी पानी अब तक बरस चुका है।