ग्वालियर में नवविवाहिता के शादी के अगले ही दिन ससुराल से फरार होने का मामला अब नए खुलासों के साथ सामने आया है। जानकारी के अनुसार, घर की सुरक्षा के लिए सभी दरवाजों पर ताले लगे होने के बावजूद महिला ने दूसरी मंजिल की छत से पड़ोसी के मकान की छत पर छलांग लगाकर वहां से सड़क तक पहुंचने का रास्ता बनाया और मौके से निकल गई।
बताया गया कि 29 जून को विवाह के बाद महिला ने ससुराल में केवल एक रात बिताई। अगले दिन सुबह करीब चार बजे वह दूसरी मंजिल की छत पर पहुंची, वहां से पड़ोसी की छत पर कूदी और फिर दूसरे मकान की छत के रास्ते लोहे की ग्रिल पकड़कर नीचे सड़क पर उतर गई। कुछ ही मिनटों में वह वहां से चली गई।
सुबह जब पति की नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं मिली। परिवार ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में महिला तेज़ी से जाते हुए दिखाई दी। परिवार का आरोप है कि घर से नकदी और कुछ जेवर भी गायब मिले।
इसके बाद पति अपने परिजनों के साथ विश्वविद्यालय थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने महिला के पिता को बुलाया। कुछ समय बाद महिला अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। समझाइश के दौरान महिला ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन पति ने उसे साथ ले जाने से साफ इनकार कर दिया।
पति का कहना है कि शादी के कुछ घंटों के भीतर ही हुई इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उसका आरोप है कि नकदी और जेवर लेकर फरार होने वाली महिला के साथ अब रहना उसके और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए जोखिम हो सकता है।
पीड़ित पति ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उसने आशंका जताई है कि भविष्य में यदि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग जिम्मेदार होंगे। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!