पोहरी कोर्ट ले जाते समय दिया चकमा

शिवपुरी जिले के छर्च थाना क्षेत्र से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां अपनी छह वर्षीय बेटी शिवानी आदिवासी की हत्या के आरोप में पकड़ा गया आरोपी पिता रामबरन आदिवासी पुलिस हिरासत से भाग निकला। सोमवार शाम को पुलिस दल उसे पोहरी न्यायालय में पेश करने के लिए वाहन से ले जा रहा था, तभी रास्ते में उसने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दे दिया और फरार हो गया।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, तलाश तेज

हिरासत से आरोपी के भाग निकलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की सुरागरसी के लिए आसपास के तमाम इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ रिश्तेदारों के यहां भी दबिश देकर उसकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद से पुलिस की सुरक्षा और अभिरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

एसडीओपी ने दी जानकारी

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पोहरी के एसडीओपी आनंद राय ने पुष्टि की है कि हत्या का आरोपी पुलिस हिरासत से भागने में सफल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई हैं और जल्द ही उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

क्या था पूरा मामला

उल्लेखनीय है कि यह पूरी घटना शनिवार रात छर्च थाना क्षेत्र के श्यामपुरा गांव की है। आरोपी रामबरन आदिवासी का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर अपनी छह साल की मासूम बेटी शिवानी को जमीन पर पटक दिया था। इस गंभीर चोट के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने रविवार को ही इस मामले में हत्या का केस दर्ज करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार किया था।