शिवपुरी जिले के फतेहपुर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 29 वर्षीय पुष्पा जाटव के रूप में हुई है, जिनका शव घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ मिला।
सात साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से नरवर जनपद के ठाठी गांव की रहने वाली पुष्पा जाटव की शादी करीब सात साल पहले फतेहपुर निवासी अल्पित जाटव के साथ हुई थी। दंपति का चार साल का एक बेटा भी है।
पति का दावा- बेटे ने देखा फंदे पर
पति अल्पित जाटव ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे खाना खाने के बाद काम पर निकल गया था। उसके दावे के अनुसार, उनके चार साल के बेटे ने सबसे पहले मां को फंदे पर लटके देखा और इसकी जानकारी अपने दादा इन्द्रपाल को दी। इसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुष्पा को उतारकर मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के आरोप
दूसरी ओर, मृतका के भाई अशोक जाटव और ठाठी पंचायत के सरपंच ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अल्पित द्वारा पुष्पा के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी, जिसके कारण वह कुछ समय पहले मायके में भी रही थीं।
मायके पक्ष का दावा है कि यह घटना दोपहर की नहीं बल्कि सुबह की है। उनका आरोप है कि पति ने पहले पुष्पा का गला घोंटा और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि चार साल के मासूम बच्चे ने बताया है कि उसके पिता ने ही मां के साथ मारपीट कर गला दबाया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शनिवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अब घटनास्थल के हालातों, पति के बयानों और मायके पक्ष के आरोपों की गहराई से जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!