ससुराल लौटते समय हुआ हादसा

शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत आने वाले इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नदी में स्नान करने उतरे 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतक की पहचान श्योपुर जिले के गसमानी थाना क्षेत्र के सहसराम गांव के रहने वाले छोटू जाटव के रूप में की गई है। छोटू इन दिनों अपनी ससुराल कड़ेशरा गांव आया हुआ था।

कांवड़ कार्यक्रम से लौट रहे थे तीनों

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को छोटू अपने साडू के गांव ख्यावदा में आयोजित कांवड़ कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोपहर के वक्त वह अपने साले और साडू के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल कड़ेशरा वापस आ रहा था।

सफर के दौरान जब वे कड़ेशरा गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले केनवाया गांव के पास पहुंचे, तो अत्यधिक गर्मी के कारण तीनों ने नदी में नहाने का फैसला किया और वहां रुक गए।

गहरे पानी में जाने से गई जान

नदी में नहाते समय छोटू अचानक संतुलन खो बैठा और बीच धारा के गहरे पानी में स्थित गड्ढे में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथ मौजूद साले और साडू ने उसे बचाने के लिए तुरंत प्रयास किए।

शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

घटना की जानकारी मिलते ही तेंदुआ थाना पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के वास्ते भिजवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कानूनी जांच जारी है।