ग्वालियर-चंबल आंचल के शिवपुरी जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां अमोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामपुर गांव के नजदीक एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच गायों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद डंपर की नंबर प्लेट छूटी

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, डंपर का चालक वाहन को बेहद लापरवाही और अत्यधिक गति से चला रहा था। अनियंत्रित डंपर सीधे मवेशियों के झुंड में जा घुसा। घटना के बाद वाहन की नंबर प्लेट भी मौके पर ही गिर गई, जिससे वाहन की शिनाख्त में मदद मिलने की उम्मीद है।

सड़क पर उतरी जनता, लगाया जाम

इस दर्दनाक दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अमोला क्रेशर-नरवर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही अमोला थाने का पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को निष्पक्ष और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम समाप्त किया और यातायात सुचारू हुआ।

वाहन जब्त, पुलिस जांच में जुटी

अमोला थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब वाहन के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।

ग्रामीणों ने चर्चा के दौरान बताया कि इन दिनों बारिश के मौसम में गोवंश अक्सर पक्की सड़कों या उनके किनारों पर आकर बैठ जाते हैं। ऐसे में तेज गति से आने वाले वाहन चालकों की लापरवाही के कारण इस तरह के हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।