शिवपुरी जिला न्यायालय परिसर के बाहर शुक्रवार को पारिवारिक कलश का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां कोर्ट में तारीख पर पहुंचे एक पति और पत्नी के बीच तीखी झड़प हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

भरण-पोषण केस की सुनवाई में आया था पति

गोपालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालपुर गांव निवासी वैजनाथ धाकड़ ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी है। वैजनाथ का विवाह वर्ष 2012 में हुआ था और उनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। वैजनाथ के मुताबिक, उसकी पत्नी करीब पांच महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी और वर्तमान में वह अपने प्रेमी के साथ रह रही है। इस विवाद के चलते दोनों बच्चों का बंटवारा भी हुआ, जहां बेटी मां के पास है और बेटा वैजनाथ के साथ रह रहा है।

पति वैजनाथ ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसी प्रकरण की आगामी सुनवाई में हिस्सा लेने के लिए वह शुक्रवार को शिवपुरी कोर्ट पहुंचा हुआ था।

कोर्ट परिसर के बाहर हुआ खूनी संघर्ष

न्यायालय के बाहर कागजी कार्रवाई और तारीख के सिलसिले में मौजूद वैजनाथ का अचानक अपनी पत्नी से आमना-सामना हो गया और बहस शुरू हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी आक्रामक हो गई और उसने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि आरोप है कि पत्नी ने उसके हाथ की उंगली को अपने दांतों से चबा लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वैजनाथ ने बड़ी मुश्किल से वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

इस घटना के तुरंत बाद पीड़ित वैजनाथ धाकड़ सीधे कोतवाली थाने पहुंचा और अपनी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय पुलिस ने पति की शिकायत और बयानों को आधार बनाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।