ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले के फिजिकल रोड क्षेत्र में एक अजीबोगरीब बात को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। यहां मुर्गा-मुर्गियों की गंदगी से उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-सरिए चले।
मुर्गा-मुर्गियों के कारण घर में फैलती थी गंदगी
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 55 वर्षीय मुनीर खान फिजिकल रोड पर रहते हैं। उनके बड़े भाई मुनब्बर खान ने अपने घर में मुर्गा-मुर्गियां पाल रखे हैं। मुनीर खान का आरोप है कि ये पक्षी अक्सर उनके घर में घुस जाते थे और चारों तरफ गंदगी फैलाते थे, जिससे उनका जीना मुहाल हो गया था।
विरोध करने पर शुरू हुई गाली-गलौज और ताबड़तोड़ मारपीट
बीते शनिवार की शाम करीब 4 बजे मुनीर खान ने अपने बड़े भाई मुनब्बर से कहा कि वे अपने पाले हुए मुर्गा-मुर्गियों को संभालकर रखें ताकि वे उनके हिस्से में आकर गंदगी न फैलाएं। इसी बात से नाराज होकर मुनब्बर खान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मुनीर ने इसका विरोध जताया, तो आरोप है कि मुनब्बर खान और उनके बेटे अमजद खान ने मिलकर डंडों और सरियों से हमला कर दिया।
इस हमले में मुनीर खान की बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई जिससे खून बहने लगा, साथ ही उनके बाएं हाथ और कमर पर भी गंभीर चोटें पहुंचीं। झगड़ा बढ़ता देख मुनीर को बचाने के लिए उनकी पत्नी रूबी खान और रिश्तेदार तबस्सुम बानो बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा।
महिलाओं को भी पीटा और दी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
शिकायत में बताया गया है कि मुनीर की भाभी अकीला खान और भतीजी गोलू खान ने भी डंडों से हमला बोल दिया, जिससे रूबी खान और तबस्सुम बानो घायल हो गईं। इस पूरी घटना को मुनीर की बेटी आवीना खान ने अपनी आंखों से देखा। मारपीट के बाद आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को धमकी दी कि यदि भविष्य में पोल्ट्री को लेकर कोई शिकायत की गई तो अंजाम और बुरा होगा।
घटना के बाद पीड़ितों ने स्थानीय थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुनीर खान की रिपोर्ट के आधार पर बड़े भाई मुनब्बर खान, भतीजे अमजद खान, भाभी अकीला खान और भतीजी गोलू खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!