स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाने और 'हर घर तिरंगा' अभियान का प्रसार करने के लिए बुधवार को शिवपुरी में एक अनूठी पहल देखने को मिली। यहां पुलिस और ऑटो यूनियन ने आपसी समन्वय से शहर में एक भव्य तिरंगा रैली निकाली।

एसपी कार्यालय से हुई रैली की शुरुआत

इस जागरूकता रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लगभग 50 ऑटो रिक्शा इस काफिले का हिस्सा बने, जिन पर सान से तिरंगे झंडे लहरा रहे थे।

यह वाहन रैली शहर के व्यस्त और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इनमें अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, राजेश्वरी रोड और एमएम चौराहा जैसे मुख्य स्थान शामिल थे। अंत में यह यात्रा वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

नागरिकों से घरों पर झंडा लगाने की अपील

रैली के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति ने अभियान की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य ध्येय प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के भाव से जोड़ना है।

उन्होंने शहर के सभी निवासियों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लें और अपने घरों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा अवश्य फहराएं।

जिलेभर के थानों में भी हुए आयोजन

शिवपुरी जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया गया। स्थानीय पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली विद्यार्थियों के साथ मिलकर छोटी-बड़ी तिरंगा रैलियों का आयोजन किया।

यह तमाम गतिविधियां पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन और एएसपी आर.डी. प्रजापति की देखरेख में संपन्न हुईं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से इस मुहिम को पूरी तरह सफल बनाने का आह्वान किया है।

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव, कोतवाली टीआई रोहित दुबे, रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया के साथ ऑटो यूनियन के अध्यक्ष बनवारी लाल धाकरे और करण धानुक समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और ऑटो चालक मौजूद रहे।