सेवढ़ा गांव की घटना

शिवपुरी जिले के सेवढ़ा गांव में 50 वर्षीय आदिवासी महिला गुड्डी बाई की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों द्वारा महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खेत पर ले जाने का विवाद

मृतका के पति राधाकिशन और परिजनों ने 19 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने मांग की है कि गांव के ही मुकेश धाकड़ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। दामाद करन आदिवासी के मुताबिक, 18 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे मुकेश उनके घर आया था और गुड्डी बाई को जबरन खेत पर मजदूरी के लिए अपने साथ ले गया था, जबकि पति-पत्नी ने इसके लिए मना किया था।

शाम करीब 5 बजे तक जब महिला वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बाद में आरोपी मुकेश ही गुड्डी बाई को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा और उनके नातियों को फोन कर अस्पताल बुलाया। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को उसकी मौत की जानकारी मिली। पति का साफ आरोप है कि उसकी पत्नी की हत्या की गई है और इस पूरी घटना को हादसा साबित करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

मामले की जानकारी देते हुए सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने बताया कि महिला की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। खेत का मालिक ही उसे फौरन अस्पताल लेकर आया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों को घटना की सूचना मंगलवार शाम को ही दे दी गई थी।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।