जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इलाकों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक आईटीआई छात्रा के रहस्यमयी तरीके से गायब होने की बात सामने आई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
हॉस्टल से दो दिन की छुट्टी लेकर निकली थी
मुहारीकला के रहने वाले जागेश कुमार लोधी ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उनकी 19 वर्षीय छोटी बहन नंदनी लोधी शिवपुरी आईटीआई कॉलेज से कंप्यूटर डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही थी। वह कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल में रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थी। गत 10 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे वह हॉस्टल से दो दिन की छुट्टी मांगकर बाहर निकली थी।
भाई करता रहा पिछोर में इंतजार
घटना के अगले दिन यानी 11 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे नंदनी ने किसी दूसरे के मोबाइल फोन से अपने भाई को कॉल किया था। उसने भाई को बताया कि वह पिछोर में अपना प्रैक्टिकल देने के लिए आ रही है। भाई इसके बाद दोपहर लगभग एक बजे तक पिछोर में उसका इंतजार करता रहा, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।
जब काफी देर तक युवती नहीं पहुंची तो भाई ने शिवपुरी स्थित आईटीआई कॉलेज हॉस्टल पहुंचकर उसके बारे में पता किया। वहां वॉर्डन और अन्य लोगों ने बताया कि नंदनी तो एक दिन पहले ही हॉस्टल से जा चुकी थी।
पुलिस खंगाल रही है संभावित ठिकानों के सुराग
परिजनों ने शिवपुरी और पिछोर के अलावा अपने सभी रिश्तेदारों के यहां भी छात्रा की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। खास बात यह है कि लापता छात्रा के पास खुद का मोबाइल फोन भी मौजूद नहीं था।
खनियाधाना थाना पुलिस ने परिजनों की औपचारिक सूचना के आधार पर गुमशुदगी का प्रकरण कायम कर लिया है। अब पुलिस तकनीकी सहायता और अन्य संभावित ठिकानों के जरिए युवती की तलाश में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!