धुवानी गांव में जमीन को लेकर बढ़ा तनाव
शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना इलाके में आने वाले धुवानी गांव में प्रापर्टी के बंटवारे को लेकर पारिवारिक कलश खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां दो सगे भाइयों के बीच संपत्ति के हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जो शनिवार को हिंसक हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लाठियों से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इस हमले में बड़े भाई के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत चिकित्सीय सहायता के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पंद्रह साल पुराने बंटवारे पर दोबारा विवाद
घायल पक्ष के शिवशंकर प्रजापति ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों भाइयों के बीच करीब पंद्रह वर्ष पूर्व ही जमीन का वैध बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद उनके छोटे भाई काशीराम प्रजापति आए दिन दोबारा हिस्सा बांटने की बात कहकर झगड़ा करते रहते हैं।
शिवशंकर का यह भी आरोप है कि उनके पिता मुंशीराम प्रजापति भी इस पारिवारिक विवाद में हमेशा छोटे बेटे काशीराम का ही पक्ष लेते आए हैं, जिससे विवाद और अधिक गहराता चला गया।
गाली-गलौज से शुरू हुआ मामला मारपीट तक पहुंचा
घटना वाले दिन शनिवार को दोपहर के वक्त काशीराम जमीन के नए सिरे से बंटवारे के मुद्दे पर शिवशंकर के बेटे निखिल के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। बीच-बचाव करते हुए शिवशंकर ने उस समय तो आरोपी को वहां से हटा दिया था।
लेकिन कुछ देर बाद जब शिवशंकर गगौरा की पुलिया के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे काशीराम ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठियों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए प्रहार से उनके सिर में गहरी चोटें लग गईं।
पुलिस ने दर्ज की एनसीआर, मामले की जांच शुरू
घायल शिवशंकर ने आरोप लगाया है कि काशीराम की पत्नी इससे पहले दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है और परिवार को फर्जी मुकदमों में उलझाने की धमकी देती रहती है।
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में शिवशंकर को जिला अस्पताल लाया गया। सुरवाया थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी काशीराम प्रजापति के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!