ग्वालियर-चंबल संभाग के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में लोधी युवा संघ के जिलाध्यक्ष आजाद लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ एक और नया मामला दर्ज किया गया है, जिसमें समाज विशेष की महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगाया गया है।
व्हाट्सऐप ग्रुप पर वायरल हुआ था ऑडियो
करैरा के टीला रोड निवासी विपिन शर्मा ने थाने पहुंचकर इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने खुद को करैरा का ब्राह्मण समाज उपाध्यक्ष बताया है। उनका कहना है कि 25 अगस्त को समाज के एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर एक ऑडियो क्लिप सामने आई थी, जिसमें कथित तौर पर बैसोरा कला निवासी आजाद लोधी की आवाज सुनाई दे रही है और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां की गई हैं।
पेनड्राइव के जरिए पुलिस को दिए गए साक्ष्य
शिकायत के साथ पुलिस को दो पेनड्राइव और एक लिखित आवेदन सौंपा गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। अब इस बात की तकनीकी जांच की जा रही है कि ऑडियो में मौजूद आवाज किसकी है और उसमें कितनी सत्यता है।
पहले भी चर्चा और विवादों में रह चुके हैं आजाद
आजाद लोधी पर इससे पहले भी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। दिनारा थाना क्षेत्र में राशन वितरण से जुड़े एक विवाद में राशन डीलर उदयसिंह जाटव ने उनके खिलाफ फोन पर जातिसूचक गालियां देने और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर भी पुलिस ने मामला बनाया था।
इसके अलावा वे चंदेरी के महोली में वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा हटाने के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान मोबाइल टावर पर चढ़कर भी सुर्खियों में आए थे। फिलहाल करैरा पुलिस नए मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!