ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले के अंतर्गत आने वाले बैराड़ थाना क्षेत्र से एक पारिवारिक हिंसा का मामला सामने आया है। यहां ऊंची खरई गांव में गुरुवार की रात एक शराबी बेटे ने अपने ही पिता को बेरहमी से लाठियों से पीट दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पिता को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दोस्तों के बहकावे में आकर की मारपीट
घायल पिता ब्रजमोहन जाटव (55 वर्ष), जो कि प्रभु जाटव के पुत्र हैं, ने बताया कि उनका 28 वर्षीय बेटा विक्की शराब पीने का आदी हो चुका है। ब्रजमोहन का आरोप है कि विक्की के कुछ दोस्त उसे लगातार भड़काते थे। ये लोग विक्की के मन में यह बात बैठा रहे थे कि उसके पिता घर में उसके साथ भेदभाव करते हैं और दूसरे भाइयों का ज्यादा पक्ष लेते हैं।
इसी उकसावे और नशे की हालत में गुरुवार की रात विक्की ने घर पर अपने पिता ब्रजमोहन के साथ तीखी बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने घर में रखी लाठियों से अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब का मुद्दा
अस्पताल में भर्ती कराए गए पीड़ित ब्रजमोहन ने इस दौरान क्षेत्र में फैल रही नशे की लत पर भी गंभीर चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि गांव और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से कच्ची शराब बेची जा रही है, जिसकी वजह से युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है।
पीड़ित पिता के अनुसार, नजदीki डाबरपुरा की कंजर बस्ती में कुछ लोग धड़ल्ले से कच्ची शराब तैयार करते हैं। इसी का नतीजा है कि उनके बेटे समेत गांव के कई अन्य युवा भी शराब के नशे के आदी हो चुके हैं और घर-परिवार में इस तरह की हिंसा आम होती जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस ने घायल पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं और उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!