जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ हादसा
शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को नियमित जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद परिसर में ही अपनी बारी का इंतजार कर रहा था।
उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन को ट्रांसफर कराने आए थे
मृतक की शिनाख्त 70 वर्षीय बादल सिंह यादव के रूप में हुई है, जो बदरवास तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम सडबूड़ के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, वे अपनी पत्नी अतर बाई यादव के नाम पर आवंटित उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन को कोलारस से बदरवास स्थानांतरित कराने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।
परिवार ने बताया कि गैस सिलेंडर भरवाने के लिए उन्हें बार-बार बदरवास से कोलारस जाना पड़ता था। इसी आवागमन की परेशानी से बचने के लिए उन्होंने कनेक्शन को अपने नजदीकी क्षेत्र में ट्रांसफर करवाने के लिए आवेदन दिया था।
बेंच पर बैठे-बैठे बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बादल सिंह ने जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज करा दी थी और उन्हें 32वां क्रमांक मिला था। वे पहले से ही अस्वस्थ थे और आवेदन देने के बाद एडीएम कार्यालय के बाहर रखी बेंच पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेंच पर ही अचेत हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें मृत अवस्था में देखा तो प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। तुरंत इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची चिकित्सकीय टीम उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!