नागदा के भूतेश्वर मंदिर से हुई शुरुआत

पवित्र सावन मास के चौथे सोमवार के पावन अवसर पर श्योपुर जिले में एक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक यात्रा सुबह करीब 11 बजे नागदा स्थित प्राचीन श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई। यहां शिवभक्तों ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की और मंदिर के गौमुख से पवित्र जल अपनी कावड़ों में भरा।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और इस आयोजन के प्रमुख सुरेंद्र सिंह जाट ने कावड़ियों को कावड़ सौंपकर और हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा का शुभारंभ किया।

शहरभर में गूंजे 'हर-हर महादेव' के जयकारे

कावड़िए डीजे की धुनों पर शिव भजनों के साथ झूमते हुए और 'बम-बम भोले' व 'हर-हर महादेव' के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जब यह यात्रा सलापुरा चंबल नहर पुल के रास्ते शहर के भीतर दाखिल हुई, तो सड़कों पर केवल शिवभक्तों का हुजूम ही नजर आ रहा था।

स्थानीय नागरिकों ने यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में कई जगहों पर मंच सजाए थे। इन मंचों से कावड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई और उनके लिए जलपान के प्रबंध भी किए गए थे।

महिला और युवतियों की रही विशेष भागीदारी

इस विशाल आयोजन में समाज के तमाम वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस बार महिलाओं और युवतियों का उत्साह देखते ही बनता था, जिन्होंने बड़ी संख्या में स्वयं कावड़ उठाई और गाजे-बाजे के साथ पैदल चलकर अपनी आस्था का परिचय दिया।

यह यात्रा जय स्तंभ, गांधी पार्क, नगर पालिका भवन, मुख्य बाजार और किला रोड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सीप नदी के पंडित घाट स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां सभी ने भगवान भुवनेश्वर का जलाभिषेक किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।

यात्रा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता महावीर सिंह सिसोदिया, कैलाश नारायण गुप्ता और नगर पालिका अध्यक्ष रेनु सुजीत गर्ग सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा।