मुरैना जिले के स्टेशन रोड थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले मुड़ियाखेड़ा गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। यहाँ तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटनास्थल से गुजर रहे थे एसपी

संयोगवश उसी समय जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना उधर से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी नजर सड़क पर घायल पड़े युवक और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों पर पड़ी, उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपना काफिला रुकवा दिया और तुरंत गाड़ी से नीचे उतरकर मौके पर जा पहुंचे।

सरकारी गाड़ी से भिजवाया अस्पताल

एसपी ने तत्परता दिखाते हुए अपने अंगरक्षक और वाहन चालक की मदद से घायल युवक को उठाया। बिना एम्बुलेंस के इंतजार किए उन्होंने उसे अपनी सरकारी गाड़ी में लिटाया और खुद की निगरानी में फौरन जिला अस्पताल के लिए रवाना किया।

जिला अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने डॉक्टरों को तुरंत इलाज शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों से घायल की स्वास्थ्य स्थिति और उसके उपचार के प्रबंधों के बारे में पूरी जानकारी ली।

संकट में फंसे व्यक्ति की मदद करना और उसकी जान बचाना पुलिस का प्राथमिक दायित्व है।

घटना के बाद एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि पुलिस का काम महज कानून व्यवस्था संभालना और अपराध रोकना ही नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की रक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है।

जिले के मुखिया द्वारा दिखाई गई इस मानवीय और संवेदनशील पहल की पूरे इलाके में सराहना हो रही है। समय पर अस्पताल पहुँच जाने से घायल युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।