मुरैना जिले के अंबाह तहसील सिविल न्यायालय परिसर में सोमवार को एक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में न्यायालय से जुड़े न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सौ से ज्यादा अधिवक्ताओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल

यह स्वास्थ्य शिविर तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण अंबाह के तत्वावधान में लगाया गया था। न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर वकीलों और न्यायिक कर्मचारियों में उत्साह देखा गया और सभी ने बढ़-चढ़कर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।

न्यायाधीश और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे मौजूद

शिविर के दौरान जिला न्यायाधीश नवीन पराशर, जिला न्यायाधीश अभिषेक सिंह और जिला न्यायाधीश धीरेन्द्र सिंह मण्डलोई सहित कई अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शासकीय अधिवक्ता रामसेवक मिश्रा, गणेश सिंह तोमर के साथ ही बार एसोसिएशन अंबाह के अध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर और सचिव योगेन्द्र तिवारी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

डॉक्टरों की टीम ने की बीपी और शुगर की जांच

चिकित्सक डॉ. प्रमोद शर्मा और डॉ. निष्ठा चौबे के नेतृत्व में पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस शिविर में मुख्य तौर पर रक्तचाप यानी बीपी और ब्लड शुगर की जांच की गई, साथ ही जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।

जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति में कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं पाई गई और सभी की रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य रही।